मक्सी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लूट एवं डकैती का आरोपी गिरफ्तार, 25 हजार रुपये नकद बरामद

मक्सी। पुलिस ने लूट एवं डकैती के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 25 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त एक बांस का डंडा जब्त किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियांका शुक्ला के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र तारोणकर एवं एसडीओपी डॉ. नागेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। थाना प्रभारी मक्सी निरीक्षक मदन इवने, थाना प्रभारी बेरछा अरविंद सिंह तोमर सहित पुलिस टीम ने तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी चेतन छाड़ी, पिता छीतरमल छाड़ी, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम रलकी, कंजर डेरा को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के विरुद्ध मक्सी थाने में अपराध क्रमांक 202/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज था। मामले में धारा 309(6), 296, 351(3), 127(2), 331(6) एवं 310(2) का उल्लेख किया गया है।

प्रेस नोट के मुताबिक, इस अपराध में पूर्व में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे करीब 12 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया जा चुका है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

इस कार्रवाई में मक्सी एवं बेरछा थाने के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा अपराधों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।