​नवरात्रि पर्व के दृष्टिगत पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती रुचि वर्धन मिश्र ने देवीधाम सलकनपुर मंदिर में सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही व सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश

​
नवरात्रि महापर्व के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़, धार्मिक उत्साह और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दिनांक 13.10.2026 को पुलिस महानिरीक्षक (IG), भोपाल जोन, श्रीमती रुचि वर्धन मिश्र ने सीहोर जिले के प्रसिद्ध देवी धाम सलकनपुर मंदिर पहुंचकर संपूर्ण सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सीहोर श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।

​निरीक्षण के दौरान आईजी श्रीमती रुचि वर्धन मिश्र ने मंदिर परिसर, प्रवेश व निकास द्वारों, कतार प्रबंधन (लाइन व्यवस्था), पार्किंग स्थलों और आपातकालीन निकास मार्गों का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने मंदिर न्यास के पदाधिकारियों एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल से संवाद कर पर्व के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा से संबंधित कार्ययोजना की समीक्षा की।

पुलिस महानिरीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि नवरात्रि के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भीड़ नियंत्रण (क्राउड मैनेजमेंट) के लिए विशेष बैरिकेडिंग, निरंतर निगरानी और स्पष्ट संकेतक लगाने के निर्देश दिए, ताकि दर्शनार्थियों को सुगम दर्शन प्राप्त हो सकें और कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो।

​इसके अतिरिक्त उन्होंने निम्नलिखित प्रमुख बिंदुओं पर विशेष दिशा-निर्देश दिए:-

▪️​मंदिर परिसर और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में तीसरी आंख यानी सीसीटीवी कैमरों तथा ड्रोन के जरिए सघन निगरानी सुनिश्चित की जाए।
▪️​मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बने, इसके लिए वैकल्पिक मार्गों का सुचारू संचालन किया जाए और वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे।

▪️महिला श्रद्धालुओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस बल  की तैनाती की जाए तथा खोया-पाया केंद्र सक्रिय रूप से कार्य करे।

▪️ चिकित्सा दल, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां हर समय अलर्ट मोड पर रहें।

पुलिस महानिरीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि वे श्रद्धालुओं के साथ अत्यंत शालीन, संवेदनशील और सहयोगी व्यवहार रखें, वहीं असामाजिक तत्वों, एवं संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी व सख्त नजर बनाए रखें ।

​पुलिस अधीक्षक सीहोर श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने जोन प्रमुख को सलकनपुर मंदिर में लागू की गई संपूर्ण सुरक्षा योजना, सेक्टर विभाजन और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती से अवगत कराया।

जोन पुलिस महानिरीक्षक ने सलकनपुर चौकी में स्थित पुलिस कंट्रोल  रूम का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा किया।

​इस अवसर पर एसडीओपी बुधनी श्री रवि शर्मा, स्थानीय थाना प्रभारीगण, यातायात पुलिस अधिकारी तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे ।