MP News: ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्तियों के बीच कांग्रेस में उथल-पुथल, दिग्गज जिला अध्यक्ष ने छोड़ी पार्टी

MP News: रतलाम. मध्य प्रदेश कांग्रेस में ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्तियों की प्रक्रिया के बीच पार्टी को रतलाम जिले से बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। जिले के पूर्व विधायक और वर्तमान जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस अचानक फैसले से न केवल रतलाम बल्कि पूरी प्रदेश कांग्रेस …

MP News: ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्तियों के बीच कांग्रेस में उथल-पुथल, दिग्गज जिला अध्यक्ष ने छोड़ी पार्टी

MP News: रतलाम. मध्य प्रदेश कांग्रेस में ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्तियों की प्रक्रिया के बीच पार्टी को रतलाम जिले से बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। जिले के पूर्व विधायक और वर्तमान जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस अचानक फैसले से न केवल रतलाम बल्कि पूरी प्रदेश कांग्रेस में हलचल तेज हो गई है।

प्रदेश नेतृत्व को भेजा इस्तीफा

हर्षविजय गेहलोत (MP News) ने अपना इस्तीफा सीधे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को भेजा है। इस्तीफे की खबर सामने आते ही पार्टी के भीतर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। संगठन में इसे लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं, हालांकि गेहलोत ने अपने फैसले के पीछे किसी राजनीतिक विवाद से इनकार किया है।

कलह की चर्चाओं के बीच निजी कारणों का हवाला

पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस्तीफे के पीछे संगठनात्मक असंतोष और आंतरिक कलह की बातें सामने आ रही हैं। खासतौर पर सैलाना ब्लॉक में अध्यक्ष पद को लेकर नाराजगी की चर्चा तेज है। बताया जा रहा है कि सैलाना ब्लॉक में सुरेश डिंडोर को अध्यक्ष बनाए जाने से गेहलोत खेमे में असहमति थी। इसी तरह की स्थिति अन्य 15 ब्लॉकों में भी देखने को मिली, जिससे संगठन के भीतर असंतोष बढ़ा।

Gehlot Resignation Letter
Gehlot Resignation Letter

जिम्मेदारियों का दबाव बताया वजह

हर्षविजय गेहलोत (MP News) ने अपने इस्तीफे का कारण निजी बताया है। उनका कहना है कि पारिवारिक दायित्वों और सैलाना विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारियों के चलते वे जिला अध्यक्ष के रूप में अपने कर्तव्यों का सही ढंग से निर्वहन नहीं कर पा रहे थे। इसी वजह से उन्होंने पद से हटने का फैसला लिया।

संपर्क से बाहर, सियासी अटकलें तेज

इस्तीफे के बाद हर्षविजय गेहलोत का मोबाइल फोन बंद बताया जा रहा है। उनके करीबी सूत्रों के मुताबिक वे फिलहाल सैलाना से बाहर हैं। इस स्थिति ने राजनीतिक गलियारों में अटकलों को और हवा दे दी है। उल्लेखनीय है कि हालिया विधानसभा चुनाव (MP News) में गेहलोत को सैलाना सीट से हार का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद संगठनात्मक समीकरण और ज्यादा संवेदनशील हो गए थे। सैलाना में सुरेश डिंडोर की ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति को लेकर भी संगठन में नाराजगी की चर्चा है। बताया जाता है कि अपनी पसंद के नेताओं को पद न मिलने से कई कार्यकर्ता असंतुष्ट हैं। ऐसे में जिलाध्यक्ष का इस्तीफा कांग्रेस संगठन के लिए एक गंभीर संकेत माना जा रहा है।

कांग्रेस के लिए बढ़ी चुनौती

ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्तियों के दौर में एक वरिष्ठ नेता का इस्तीफा प्रदेश कांग्रेस के लिए नई चुनौती बनकर उभरा है। यह घटनाक्रम संगठनात्मक संतुलन और आंतरिक समन्वय पर सवाल खड़े कर रहा है। आने वाले दिनों में पार्टी नेतृत्व इस स्थिति को कैसे संभालता है, इस पर प्रदेश की राजनीति की नजरें टिकी हुई हैं।