चारों दिग्गजों के क्षेत्रों में बड़ा वोट बैंक, आष्टा में सबसे ज्यादा मतदाता

all-four-prominent-leaders-have-a-large-vote-bank-in-their-respective-constituencies-with-ashta-having-the-highest-number-of-voters

चारों दिग्गजों के क्षेत्रों में बड़ा वोट बैंक, आष्टा में सबसे ज्यादा मतदाता

चारों दिग्गजों के क्षेत्रों में बड़ा वोट बैंक, आष्टा में सबसे ज्यादा मतदाता
सीहोर। जिले की राजनीति के चार बड़े चेहरों (सीहोर विधायक सुदेश राय, आष्टा विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर, इछावर के दिग्गज करण सिंह वर्मा और बुधनी के रमाकांत भार्गव के विधानसभा क्षेत्रों का नया वोट गणित) सामने आ गया है। जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी ताजा ड्राफ्ट रोल के अनुसार जिले में अब कुल 9,83,143 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
ताजा आंकड़ों के अनुसार आष्टा विधानसभा (विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर) जिले में मतदाताओं के मामले में नंबर वन पर है। यहां सबसे ज्यादा 2,78,160 मतदाता हैं। वहीं बुधनी विधानसभा (विधायक रमाकांत भार्गव) 2,69,068 मतदाताओं के साथ दूसरे स्थान पर है। इछावर (विधायक करण सिंह वर्मा) में 2,24,927 और सीहोर (विधायक सुदेश राय) विधानसभा में 2,10,988 मतदाता दर्ज किए गए हैं।
11 हजार मतदाताओं की मैपिंग अटकी
बैठक में अपर कलेक्टर वृंदावन सिंह ने बताया कि चारों विधानसभाओं में कुल 11,335 मतदाता ऐसे हैं, जो तकनीकी कारणों से साल 2003 की मतदाता सूची से मैप नहीं हो पाए हैं। इन अनमैप मतदाताओं को 2 जनवरी से 9 फरवरी तक नोटिस जारी किए जाएंगे। निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई मतदाता स्वयं उपस्थित नहीं हो सकता तो वह अपने परिवार के सदस्य को अधिकृत कर बीएलओ के माध्यम से सत्यापन करवा सकता है।
नए नाम जोडऩे का मौका
प्रशासन ने बताया कि जिले में मतदान केंद्रों की संख्या भी 1257 से बढक़र 1367 हो गई है। नए मतदाताओं के पास अभी भी मौका है कि वे फॉर्म.6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकें। वहीं संशोधन के लिए फॉर्म.8 और नाम हटवाने के लिए फॉर्म.7 का उपयोग किया जा सकता है।
दस्तावेजों का ये है पेंच
जिन मतदाताओं का नाम 2003 की सूची से लिंक नहीं है, उन्हें आयु के अनुसार प्रमाण देने होंगे। 1 जुलाई 1987 से पहले जन्मे लोगों को अपना जन्म प्रमाण पत्र या पुराना दस्तावेज देना होगा, जबकि उसके बाद जन्मे मतदाताओं को अपने साथ-साथ माता-पिता के दस्तावेज भी प्रस्तुत करने होंगे। बैठक में एसडीएम तन्मय वर्मा और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिन्होंने इस नए प्रारूप पर अपनी सहमति जताई और प्रतियों को प्राप्त किया।