जिले में चरणबद्ध रूप से संचालित हो रही है एसआईआर प्रक्रिया
sir-process-is-being-conducted-in-a-phased-manner-in-the-district
एसआईआर के संबंध में एसडीएम, तहसीलदार सहित अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है मतदान केंद्रों का निरीक्षण
बीएलओ, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से एसआईआर के संबंध में की जा रही है चर्चा, दिया जा रहा है मार्गदर्शन
जिले में चरणबद्ध रूप से संचालित हो रही है एसआईआर प्रक्रिया
सीहोर, 10 नवंबर 2025
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया संचालित की जा रही है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री बालागुरू के. के निर्देशानुसार एसआईआर प्रक्रिया के प्रथम चरण में जिले के सभी बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं और गणना पत्रक वितरित कर रहे हैं।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. के निर्देशानुसार एसआईआर के संबंध में जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है और बीएलओ को मार्गदर्शन दिया जा रहा है। इसके साथ ही सभी अधिकारी मतदाताओं को इस एसआईआर प्रक्रिया के गणना पत्रक भरने तथा बीएलओ के पास जमा करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इस दौरान सभी अधिकारी बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ), बूथ लेवल एजेंटों एवं जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर एसआईआर प्रक्रिया के सुचारू संचालन के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन भी दे रहे हैं।
चरणबद्ध रूप से संचालित हो रही है एसआईआर प्रक्रिया
उल्लेखनीय है कि निर्वाचन आयोग द्वारा इस विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया को तीन चरणों में संचालित किया जा रहा है। प्रथम चरण में घर-घर जाकर गणना पत्रक भरने एवं सत्यापन का कार्य 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर 2025 तक संचालित किया जा रहा है। इसके पश्चात 9 दिसम्बर 2025 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी, जिस पर 8 जनवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियाँ आमंत्रित की जाएंगी। सुनवाई एवं प्रमाणीकरण की प्रक्रिया 31 जनवरी 2026 तक पूर्ण की जाएगी तथा 7 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इस अभियान का उद्देश्य जिले की मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र नाम सूची में शामिल न हो।
news@sehorenewsdarpan.com