भोपाल-इंदौर समेत MP में ठंड बढ़ी, कोहरे से सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित
भोपाल। मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जबकि सुबह और शाम को घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात पर असर पड़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य में शीत लहर की स्थिति बनी हुई है। विशेष रूप से पश्चिमी और उत्तरी मध्य प्रदेश में ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया है।
प्रमुख शहरों में भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर जैसे इलाकों में रात का तापमान 6 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि दिन में अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। कई जगहों पर, जैसे शहडोल और आसपास के क्षेत्रों में, तापमान 3-5 डिग्री तक गिर गया है। घने कोहरे ने राज्य के 18 से अधिक जिलों को प्रभावित किया है। सुबह के समय दृश्यता 50-200 मीटर तक कम हो गई, जिससे कई उड़ानें रद्द हुईं और ट्रेनें देरी से चलीं।
ग्वालियर में घना कोहरा और कोल्ड डे का अलर्ट है। वहीं दतिया, भिंड, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी में भी घना कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। नरसिंहपुर में कोल्ड डे का यलो अलर्ट, सिवनी में कोल्ड वेव चलने की संभावना है। सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस कल्याणपुर (शहडोल) में दर्ज किया गया। IMD ने चेतावनी दी है कि उत्तरी और पूर्वी जिलों में कोहरा अगले कुछ दिनों तक बना रह सकता है।
news@sehorenewsdarpan.com