“वंदे मातरम्” की 150वीं वर्षगाँठ पर आष्टा में हुआ भव्य शुभारंभ
a-grand-inauguration-took-place-in-ashta-on-the-150th-anniversary-of-vande-mataram
“वंदे मातरम्” की 150वीं वर्षगाँठ पर आष्टा में हुआ भव्य शुभारंभ
एसडीएम नितिन कुमार टाले के नेतृत्व में गूंजा राष्ट्रगीत, प्रधानमंत्री का प्रसारण देखा जाएगा
आष्टा। भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगाँठ को देशभर में वर्षभर मनाए जाने के निर्णय के तहत आज 7 नवम्बर 2025 को तहसील मुख्यालय आष्टा में समारोहपूर्वक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रातः 9:30 बजे एसडीएम श्री नितिन कुमार टाले के नेतृत्व में तहसील परिसर में “वंदे मातरम्” का सामूहिक संपूर्ण गायन किया गया, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति के जोश से गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम में तहसील कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं नगर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। राष्ट्रगीत गायन के उपरांत प्रातः 10:00 बजे से नई दिल्ली से माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा जाएगा।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार ने वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 7 नवम्बर 2025 से 7 नवम्बर 2026 तक वर्षभर विशेष कार्यक्रमों के आयोजन का निर्णय लिया है।
इन कार्यक्रमों को चार चरणों में आयोजित किया जाएगा —
प्रथम चरण: 7 से 14 नवम्बर 2025 (शुभारंभ सप्ताह)
द्वितीय चरण: 19 से 26 जनवरी 2026 (गणतंत्र दिवस सप्ताह)
तृतीय चरण: 7 से 15 अगस्त 2026 (हर घर तिरंगा अभियान के साथ)
चतुर्थ चरण: 1 से 7 नवम्बर 2026 (समापन सप्ताह)
इस वर्षभर चलने वाले राष्ट्रीय उत्सव का उद्देश्य वंदे मातरम् गीत के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत महत्व को जन-जन तक पहुँचाना है।
आष्टा तहसील में हुआ यह आयोजन स्वतंत्रता संग्राम की स्मृतियों और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना को पुनः प्रज्वलित करने वाला रहा।
news@sehorenewsdarpan.com