कलेक्टर-एसपी ने किया सीहोर जिला जेल का निरीक्षण
the-collector-and-sp-inspected-the-sehore-district-jail
कलेक्टर-एसपी ने किया सीहोर जिला जेल का निरीक्षण
जेल प्रशासन को चिकित्सा, भोजन, पेयजल सहित सभी व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने के दिए निर्देश
कलेक्टर-एसपी ने बंदियों को सकारात्मक सोच के साथ जीवन में सुधार लाने की दी समझाइश
कलेक्टर श्री बालागुरू के. एवं एसपी श्री दीपक कुमार शुक्ला ने सीहोर जिला जेल पहुंचकर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शीत ऋतु को ध्यान में रखते हुए बंदियों को पर्याप्त संख्या में शाल एवं कंबल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि ठंड के मौसम में किसी भी बंदी को असुविधा न हो। इस दौरान उन्होंने आर्थिक रूप मे असक्षम कैदियों को स्वेटर भी वितरित कराए। उन्होंने जेल की चिकित्सा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता तथा आपातकालीन चिकित्सा सुविधा को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. एवं एसपी श्री शुक्ला ने जेल में भोजन, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी लेते हुए भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छ रसोई व्यवस्था तथा स्वच्छ पेयजल की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि बंदियों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बंदियों से संवाद किया और उन्हें सकारात्मक सोच के साथ जीवन में सुधार लाने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि जेल सुधार का केंद्र है और यहां से रिहा होने के बाद बंदी अपराध का मार्ग छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ते हुए एक नया और सम्मानजनक जीवन प्रारंभ करें।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने यह भी जानकारी ली कि कौन-कौन से बंदी किस अपराध में निरुद्ध हैं तथा उनके प्रकरणों की स्थिति क्या है। इसके साथ ही जेल में अनुशासन बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, नशामुक्ति एवं परामर्श कार्यक्रमों के संचालन, योग व शारीरिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा कौशल विकास एवं साक्षरता गतिविधियों के माध्यम से बंदियों के पुनर्वास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल स्टाफ को मानवीय दृष्टिकोण के साथ कर्तव्यों के निर्वहन, नियमों के सख्त पालन और बंदियों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक सुश्री प्रतिमा पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
news@sehorenewsdarpan.com