14 जनवरी के ऐतिहासिक दिन पर प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
tributes-were-paid-to-the-immortal-martyrs-of-the-first-war-of-independence-on-the-historic-day-of-january-14th
14 जनवरी के ऐतिहासिक दिन पर प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
जलियांवाला बाग की तरह पावन है सीहोर का शहीद स्थल, 356 क्रांतिकारियों ने दिया था अपने प्राणों का बलिदान
100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का हुआ ध्वजारोहण
सीहोर, 14 जनवरी, 2026
सीहोर के सैकड़ाखेड़ी स्थित शहीद स्थल पर शहीद हुए क्रांतिकारियों की याद में श्रद्धांजली कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधायक श्री सुदेश राय, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री नरेश मेवाड़ा, कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष श्री प्रिंस राठौर, कलेक्टर श्री बालागुरू के. एसपी श्री दीपक कुमार शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने शहीद स्थल पहुंचकर स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का ध्वारोहण किया गया और राष्ट्रगान भी गाया गया।
इस अवसर पर विधायक श्री राय, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री नरेश मेवाड़ा, पंडित प्रदीप मिश्रा और नगर पालिका अध्यक्ष श्री प्रिंस राठौर ने कहा कि आज का दिन सीहोर के लिए एक ऐतिहासिक दिन के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि 14 जनवरी 1858 को सीहोर में स्वतंत्रता के प्रथम संग्राम में 356 क्रांतिकारियों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। अंग्रेजी शासन के खिलाफ मध्य भारत में चल रहे विद्रोह में सीहोर की बर्बरतापूर्ण घटना को जलियांवाला बाग हत्याकांड की तरह माना जाता है। 10 मई 1857 को मेरठ की क्रांति से पहले ही सीहोर में क्रांति की ज्वाला सुलग गईं थी। उन्होंने कहा कि सीहोर का यह स्थल हम सबके लिए पवित्र स्थान है। उन्होंने कहा कि उन सभी अमर शहीदों की शहादत को अमर बनाए रखने के लिए इस स्थल का निरंतर समग्र विकास किया जा रहा है।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री बालागुरू के. और एसपी श्री शुक्ला ने शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि जिस प्रकार जलियांवाला बाग देश की स्वतंत्रता में शहीदों द्वारा दिए गए प्राणों के बलिदान की गवाही देता है, उसी प्रकार नागरिकों के लिए सीहोर का यह अमर शहीद स्थल प्रेरणा और गरिमा का स्त्रोत है। उन्होंने स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुती देने वाले सभी 356 क्रांतिकारियों को नमन करते हुए कहा कि यह क्रांती हिंदू-मुस्लिम एकता का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। इस क्रांति मे शामिल क्रांतिकारियों का यह मानना था कि सबसे पहले हमारा देश है, देश से बढ़कर कुछ नही है। हमारे इन वीर क्रांतिकारियों से हमे प्रेरणा लेनी चाहिए एवं देश की रक्षा के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए।
कार्यक्रम में विधायक श्री राय, भाजपा अध्यक्ष श्री मेवाड़ा, पंडित मिश्रा, नपा अध्यक्ष श्री राठौर, कलेक्टर श्री बालागुरू के. और एसपी श्री शुक्ला ने नगर पालिका के नवीन टोइंग वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना है। इस अवसर सभी ने मकर सक्रांती के उपलक्ष्य में पंतग उड़ाकर पतंग महोत्सव का भी शुभारंभ किया। कार्यक्रम में संगीतिका संगीत महाविद्यालय की टीम द्वारा अनेक देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य श्री सीताराम यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री जसपाल अरोरा, श्री राजकुमार गुप्ता, श्री पंकज गुप्ता, श्री सुदीप प्रजापति, श्री सुरेंद्र मेवाड़ा, श्री आनंद गांधी, श्री राजीव गुजराती सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, नागरिकों और स्कूली बच्चों ने शहीदों को श्रद्धांजली दी।
news@sehorenewsdarpan.com