कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला सहकारी विकास समिति की बैठक आयोजित
district-cooperative-development-committee-meeting-held-under-the-chairmanship-of-collector
कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला सहकारी विकास समिति की बैठक आयोजित
दुग्ध उत्पादन क्षमता बढ़ाने और नई संस्थाओं के गठन के लिए किया जाए डोर-टू-डोर सर्वे - कलेक्टर
कलेक्टर श्री बालागुरू के. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सहकारी विकास समिति (DCDC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री बालगुरू के. ने जिले में सहकारी क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण एवं विकास के संबंध विस्तार से चर्चा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि जिले में पहले से पंजीकृत 108 संस्थाओं के साथ अब तक 27 नई बी-पैक्स संस्थाओं का पंजीयन हो चुका है, जिससे कुल संख्या 135 हो गई है। बैठक में दुग्ध सहकारी संस्थाओं के गठन की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया गया कि तीन संस्थाओं का पंजीयन हो चुका है तथा शेष प्रस्ताव प्रक्रियाधीन हैं। इस पर कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने दुग्ध उत्पादन क्षमता बढ़ाने और नई संस्थाओं के गठन के लिए डोर-टू-डोर सर्वे कराने के निर्देश दिए। मत्स्य सहकारी संस्थाओं के संबंध में मनरेगा से बने तालाबों का उपयोग कर मत्स्य पालन को बढ़ावा देने तथा आवश्यक सीड स्टॉक की व्यवस्था करने के संबंध में निर्देश दिए गए।
बैठक में निष्क्रिय एवं परिसमापनाधीन दुग्ध समितियों के स्थान पर नई समितियों के पंजीयन के निर्देश दिए गए, साथ ही दुग्ध एवं मत्स्य समितियों के शेष सदस्यों के बैंक खाते शीघ्र खोलने का लक्ष्य तय किया गया। कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के अंतर्गत आयोजित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए शासकीय निर्देशों के पूर्ण पालन करने के निर्देश दिए। नवगठित बी-पैक्स समितियों के लिए कार्यालय भवन एवं भंडारण व्यवस्था हेतु शासकीय भूमि आवंटन, साथ ही कंप्यूटर, फर्नीचर एवं अन्य संसाधनों की व्यवस्था ऋण अथवा वित्तीय सहयोग से करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने निर्देश दिए कि सहकारी संस्थाओं को पारदर्शी, सशक्त एवं लाभकारी बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना के साथ कार्य किया जाए, जिससे जिले में सहकारिता संबंधी कार्यों को नई गति मिल सके।
news@sehorenewsdarpan.com