अलीपुर में नाले को साफ कर ऊपर का हटाया अतिक्रमण

in-alipur-the-drain-was-cleaned-and-the-encroachments-on-top-were-removed

अलीपुर में नाले को साफ कर ऊपर का हटाया अतिक्रमण

पेयजल को दूषित होने से बचाने के लिए नपा ने की मुहिम प्रारंभ
अलीपुर में नाले को साफ कर ऊपर का हटाया अतिक्रमण
आष्टा। आज नगरपालिका द्वारा वार्ड क्रमांक 2 अलीपुर क्षैत्र में अतिक्रमण मुहिम चलाई गई, जिसके तहत नागरिकों एवं दुकानदारों द्वारा नाले के ऊपर अतिक्रमण कर नाले को चोक कर दिया गया था, जिसके कारण गंदे पानी की निकासी व्यवस्थित रूप से नही हो रही थी। इन सभी समस्याओं का निरीक्षण विगत दिवस नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा द्वारा किया गया और मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोदकुमार प्रजापति को नाले में हो रहे अवरोध को दूर करने के निर्देश दिए। नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने यह भी कहा कि नगर में जहां भी ऐसी स्थिति है, ऐसे सभी स्थानों को चिन्हित कर समस्या का शीघ्र ही निराकरण करें, ताकि नगर में इंदौर जैसी दूषित जल की घटना घटित न हो सकें। उसी का परिणाम रहा कि आज मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोदकुमार प्रजापति ने अपने अधिनस्थ अतिक्रमण अमले को मौके पर जाकर अतिक्रमण हटाने को कहा।
सीएमओ श्री प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि नागरिकों एवं दुकानदारों द्वारा विभिन्न प्रकार की सामग्रियां रखकर नाले पर अतिक्रमण कर लिया था, जिसके कारण नाले की व्यवस्थित साफ-सफाई करने में परेशानी आ रही थी। नाले के चोक होने के कारण नागरिकों के नलों में गंदे पानी आने जैसी गंभीर स्थिति उत्पन्न होने की संभावनाएं थी। उक्त नाले को जेसीबी के माध्यम से साफ करवाया गया, वहीं अतिक्रमण को भी हटाया गया। इसी प्रकार नगर के वार्ड क्रमांक 14 में स्थित लगभग 35 वर्ष पुरानी क्षतिग्रस्त पाईप लाईन होने के कारण नागरिकों के घरों में दूषित पानी पहुंचने की संभावना थी, जिसके चलते सीएमओ ने संबंधित शाखा प्रभारी को पुरानी पाईप लाईन के स्थान पर नवीन पाईप लाईन डालने के निर्देश दिए। सीएमओ श्री प्रजापति ने बताया कि जल को दूषित होने से बचाने के लिए नगरपालिका द्वारा लगातार 10 दिवस तक संपूर्ण नगर में स्थानों को चिन्हित कर जहां समस्या नजर आएगी उसका त्वरित निराकरण कर दिया जाएगा। इस अवसर पर अतिक्रमण प्रभारी कैलाश घेंघट, जमादार मनोज घेंघट, अखिलेश सांगते, गबू प्रजापति आदि मौजूद थे।
दो वार्ड से निकलने वाले दूषित जल का बदला रास्ता - नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान किला स्थित वार्ड क्रमांक 4 व 5 से निकलने वाला गंदा पानी जो नाले के माध्यम से नदी में समाहित होते पाया गया। जिसके निराकरण के लिए नपा के तकनीकी अधिकारियों द्वारा सोकता गड्ढा बनाकर उसमें पृथक-पृथक टेंक निर्मित कर नाले के पानी को नदी में मिलने से डायवर्ट किया गया।