सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों में लापरवाही पर कलेक्टर ने दिखाई सख्ती, समय पर संतुष्टिपूर्ण निराकरण नहीं करने वाले अधिकारियों को जुर्माने की चेतावनी
on-the-fifth-day-the-story-deeply-moved-the-devoteesthe-collector-has-taken-strict-action-against-negligence-in-cm-helpline-cases-warning-officials-of-fines-for-failing-to-resolve-complaints-satisfactorily-and-on-time
जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक के दौरान कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के समय पर एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण नहीं होने पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि जिन अधिकारियों द्वारा निर्धारित समय-सीमा में शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान नहीं किया जाएगा, उन पर जुर्माना लगाया जाएगा। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी विभाग सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लें, आवेदकों से समन्वय बनाए रखें तथा फीडबैक के साथ प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को वास्तविक और समयबद्ध राहत मिल सके।
उन्होंने नेशनल हाईवे परियोजना के लिए भू-अर्जन की कार्रवाई में हो रहे विलंब पर घोर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि भू-अर्जन में देरी के कारण परियोजनाओं की शुरुआत प्रभावित हो रही है, जिससे आम जनता को सुविधाएं मिलने में अनावश्यक विलंब हो रहा है। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस कार्य में आपसी समन्वय के साथ आ रही समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए। उन्होंने रेलवे एवं नेशनल हाईवे परियोजनाओं के लिए आवश्यक भू-अर्जन की कार्रवाई जल्द से जल्द पूरी करने के निर्देश भी दिए, ताकि विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके और जनता को जल्द लाभ मिल सके।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने जिलेभर में जल संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु जल सुनवाई आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति, जलस्तर, हैंडपंप, नल-जल योजना सहित अन्य जल संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध निराकरण किया जाए। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जल सुनवाई का आयोजन करने, आमजन की समस्याएं मौके पर सुनने और तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने शासकीय उचित मूल्य दुकानों से राशन वितरण की समीक्षा के दौरान राजस्व एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि संदिग्ध एवं अपात्र हितग्राहियों के नाम सूची से हटाए जाएं, ताकि वास्तविक और पात्र हितग्राहियों के नाम जोड़े जा सकें। कलेक्टर ने मध्याह्न भोजन योजना के तहत खाद्यान्न के उठाव एवं वितरण को समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाएं।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने भावान्तर भुगतान योजना के तहत सोयाबीन की खरीदी के लिए निर्धारित अंतिम तिथि तक की गई समस्त खरीदी की जानकारी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने शासन के निर्देशानुसार सत्यापन सहित अन्य आवश्यक कार्यवाहियों को शीघ्र पूर्ण करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत सभी पात्र किसानों का भुगतान समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जिन किसानों के ई-पेमेंट असफल (फेल) हुए हैं, उनके प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई करते हुए जल्द से जल्द रिपेमेंट कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने जिले में संचालित संकल्प से समाधान अभियान संचालन प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर ने अभियान के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं के निराकरण में गति लाने, विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा आमजन को समय पर राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि यह अभियान 31 मार्च 2026 तक ग्राम पंचायत, नगरीय निकाय, तहसील एवं जिला स्तर पर संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत भारत सरकार एवं राज्य शासन की विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं सहित अन्य सेवाओं का लाभ निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप पात्र हितग्राहियों को प्रदान किया जा रहा है। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले के सभी एसडीएम, जनपद सीईओ तथा नगरीय निकायों के सीएमओ द्वारा अभियान के प्रथम चरण के लिए ग्राम एवं वार्ड स्तरीय समितियों तथा नोडल अधिकारियों की टीमों का गठन कर शिविर लगाये जा रहे हैं। इसके साथ ही कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ से समन्वय कर अभियान से संबंधित आवश्यक डेटा एंट्री को पोर्टल पर समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने गणतंत्र दिवस समारोह के भव्य एवं गरिमामय आयोजन को लेकर अनेक अधिकारियों को विभिन्न दायित्व सौंपे। उन्होंने समारोह के बेहतर, सुव्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि समारोह गरिमा, अनुशासन और उत्साह के साथ संपन्न हो। उन्होंने सुरक्षा, यातायात, मंच व्यवस्था, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वच्छता तथा अतिथियों की सुविधाओं सहित सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिले में आनंद उत्सव के तहत ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में उत्सव कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों के माध्यम से जनभागीदारी बढ़ेगी और लोगों को सांस्कृतिक, खेलकूद एवं मनोरंजक गतिविधियों से जोड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आनंद उत्सव के कार्यक्रम सुव्यवस्थित, समन्वित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किए जाएं, ताकि ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों के नागरिकों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित हो सके। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव, अपर कलेक्टर श्री वृंदावन सिंह, संयुक्त कलेक्टर सुश्री वंदना राजपूत, श्री रविन्द्र परमार, डिप्टी कलेक्टर श्री जमील खान, एसडीएम श्री तन्मय वर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रेम सिंह गौंड़ सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
news@sehorenewsdarpan.com