कलचुरी कलाल परिवार, आष्टा द्वारा भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन का जन्मोत्सव एक भव्य महोत्सव के रूप में अत्यंत हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजन, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी अखिलेश जी राय सीहोर रहे, जबकि समाज के विभिन्न क्षेत्रों से पधारे प्रदेश पदाधिकारीगण ने अपनी उपस्थिति से आयोजन की गरिमा बढ़ाई।
समाज के अध्यक्ष प्रेम नारायण जायसवाल, जन्मोत्सव अध्यक्ष धरम सिंह जायसवाल, कार्यक्रम अध्यक्ष बंटी जायसवाल एवं संपूर्ण आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों का पारंपरिक रूप से स्वागत, वंदन एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में समाज के सैकड़ों सदस्य सम्मिलित हुए। मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने समाज की एकता, विकास एवं युवाओं की भूमिका पर प्रेरक उद्बोधन दिया।
इस अवसर पर समाज के गौरव बालक-बालिकाओं एवं वरिष्ठ सदस्यों का पुरस्कार एवं सम्मान कर उन्हें प्रोत्साहित किया गया। भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन की पूजा-अर्चना का सौभाग्य मयूर (प्रिंस) जायसवाल एवं उनके परिवार को प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम का समापन जयघोष, प्रसाद वितरण एवं समाज में एकता-सद्भाव के संकल्प के साथ हुआ।