कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला उपार्जन समिति की बैठक आयोजित
district-procurement-committee-meeting-held-under-the-chairmanship-of-collector
01 अप्रैल से प्रारंभ होने वाले गेहूं उपार्जन व सरसों खरीदी की तैयारियों की कलेक्टर ने की समीक्षा
कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला उपार्जन समिति की बैठक आयोजित
सीहोर, 23 मार्च, 2026
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने बैठक आयोजित कर 01 अप्रैल से प्रारंभ होने वाले गेहूं उपार्जन एवं भावांतर भुगतान योजना के तहत सरसों की खरीदी को लेकर की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना शासन की प्राथमिकता है, इसलिए खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, सुचारू और समयबद्ध तरीके से संचालित की जाए।
बैठक में कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी निर्धारित खरीदी केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि केंद्रों पर तौल कांटे, बारदाना, परिवहन व्यवस्था, पेयजल, छाया एवं बैठने की व्यवस्था सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गेहूं और सरसों की खरीदी केवल निर्धारित मानकों के अनुसार ही की जाए। उन्होंने गुणवत्ता परीक्षण की व्यवस्था को मजबूत करने और मानक के अनुरूप उपज की ही खरीदी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्रों पर नियमित निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
उन्होंने भावांतर भुगतान योजना सरसों के अंतर्गत पंजीकृत किसानों की सूची का सत्यापन करने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कोई भी अपात्र व्यक्ति योजना का लाभ न ले सके। कलेक्टर ने कहा कि किसानों के पंजीयन, तौल एवं भुगतान की प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता रखी जाए और सभी कार्य ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से समय पर संपन्न हों। कलेक्टर ने परिवहन एवं भंडारण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपज के सुरक्षित भंडारण एवं समय पर उठाव की समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि खरीदी के दौरान मंडियों एवं उपार्जन केंद्रों पर भीड़-भाड़ की स्थिति न बने, इसके लिए आवश्यक प्रबंधन किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि खरीदी कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही किसी भी समस्या की स्थिति में त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को परेशानी का सामना न करना पड़े। कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि खरीदी प्रक्रिया के दौरान किसानों को शासन द्वारा निर्धारित सभी नियमों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाए। इसके लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे अधिक से अधिक किसान योजना का लाभ उठा सकें। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि खरीदी प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि किसानों को समय पर भुगतान मिल सके और किसानों का योजना का लाभ प्रभावी रूप से उन तक पहुंचे। इसके साथ ही उन्होंने आगामी सीजन के जिले में पर्याप्त खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने और उपार्जन कार्य के लिए स्वयं सहायता समूह की दीदियों को प्रशिक्षण प्रदान करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में कृषि उप संचालक श्री अशोक उपाध्याय, जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती रेशमा भामोर, सहकारिता उप पंजीयक श्री सुधीर कैथवास, वेयर हाउस शाखा प्रबंधक श्री एमएल सूर्यवंशी, जिला विपणन अधिकारी श्री नीरज भार्गव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
news@sehorenewsdarpan.com